
जमशेदपुर. भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले चित्रकूट सभागार, तुलसी भवन, बिस्टुपुर में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिलों का युवा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की संगठन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और उन्हें भारतीय मजदूर संघ के वैचारिक आधार से जोड़ते हुए श्रमिक हितों की रक्षा के लिए तैयार करना था.
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अभिलेख दास ने की, तथा संचालन भामसं विभाग प्रमुख श्री अभिमन्यु सिंह ने किया. सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ के केंद्रीय सह-संगठन मंत्री श्री गणेश मिश्रा तथा झारखंड प्रदेश महामंत्री श्री राजीव रंजन उपस्थित रहे. इन दोनों अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. श्री केश्रवर मिश्रा द्वारा गमछा पहनाकर और श्री अजय शर्मा द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
अपने उद्बोधन में श्री गणेश मिश्रा ने भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक स्वर्गीय दत्तोपंत ठेंगड़ी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे उनके मार्गदर्शन में संगठन की नींव पड़ी और उसे देशभर में मज़बूती से स्थापित किया गया. उन्होंने उपस्थित युवा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को नई ऊर्जा दें और राष्ट्र निर्माण के इस कार्य में अग्रणी भूमिका निभाएं.
श्री राजीव रंजन ने झारखंड प्रदेश में संगठन की स्थिति, चुनौतियां और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की. अंत में श्री अजय शर्मा ने मंच से सभी विशिष्ट अतिथियों, संगठन पदाधिकारियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन कर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया. यह सम्मेलन न केवल युवाओं को प्रेरित करने वाला रहा, बल्कि संगठन के भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध हुआ.
