
जमशेदपुर. उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर प्रखंडों के नोडल अधिकारियों ने पांच-पांच जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का औचक निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्यान्न उठाव और वितरण, राशन कार्डधारियों द्वारा खाद्यान्न का उठाव, स्टॉक में खाद्यान्न की स्थिति, आधार सीडिंग और अन्य वितरित सामग्री की अद्यतन स्थिति की जांच की.
यह सुनिश्चित किया गया कि लाभुकों को बिना किसी रुकावट और कटौती के समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो. इसके अलावा, पीडीएस दुकानों के माध्यम से वितरित किए जाने वाले अन्य सामान की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया. परियोजना निदेशक, आईटीडीए दीपांकर चौधरी ने घाटशिला, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार ने बोड़ाम, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद ने पटमदा, एसओआर राहुल आनंद ने धालभूमगढ़, एलआरडीसी घाटशिला नीत निखिल सुरीन ने बहरागोड़ा, एलआरडीसी धालभूम गौतन कुमार ने पोटका, जिला पंचायत राज पदाधिकारी रिंकू कुनारी ने जे.एन.ए.सी., जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी ने डुमरिया, डीटीओ धनंजय ने जुगसलाई नगर परिषद, और निदेशक एनईपी संतोष गर्ग ने गुड़ाबांदा सहित अन्य नोडल अधिकारियों ने पीडीएस दुकानों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के बाद सभी नोडल पदाधिकारियों को उनके द्वारा किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट संध्या 6 बजे तक उपायुक्त कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया है. इस रिपोर्ट के आधार पर, जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त द्वारा बैठक आयोजित कर निरीक्षण के दौरान पाए गए कमियों की समीक्षा की जाएगी. आवश्यकतानुसार, लापरवाह पीडीएस संचालकों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
