
Jamshedpur. जमशेदपुर समेत झारखंड में बादल छाये हैं. कई जगहों पर वृहस्पतिवार सुबह बारिश हुई, जबकि अन्य कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.उन्होंने बताया कि राज्य की राजधानी रांची, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में बादलों की गरज के साथ बारिश हुई. उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह 8.30 बजे तक रांची में 11.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सरायकेला में 23.5 मिमी, सिमडेगा में 10.5 मिमी, लोहरदगा में 7.5 मिमी और बोकारो में दो मिमी बारिश हुई.
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा, “पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले 24 घंटों में झारखंड के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं. अधिकारी ने कहा कि बृहस्पतिवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित पूर्वी राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है.
