Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: सीतारामडेरा के छायानगर में अपराधी की हत्या, शव चबूतरे पर मिला, हाल ही में किया था प्रेम विवाह

Jamshedpur. सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में मंगलवार सुबह जेल से हाल ही में छूटे अपराधी चंदन गिरी का शव चबूतरे पर मिलने से सनसनी फैल गई। उसके शरीर पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। आशंका है कि चंदन की हत्या किसी दूसरे स्थान पर करने के बाद शव को छायानगर लाकर फेंका गया। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान में जुट गई है।

स्थानीय लोगों ने सुबह चबूतरे पर चंदन का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में चंदन के परिजन भी वहां पहुंचे।

चंदन गिरी सीतारामडेरा के होमपाइप का रहने वाला था। उसका आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई बार जेल जा चुका था। हाल ही में वह जेल से बाहर आया था। बताया जाता है कि उसने छायानगर की रहने वाली एक युवती से हाल में प्रेम विवाह किया था। ऐसे में पुलिस उसके व्यक्तिगत विवाद और पुराने आपराधिक संपर्कों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।

Exit mobile version