
Jamshedpur. दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून के प्रभाव से पूर्वी सिंंहभूम समेत राज्य केे कई जिलों में दो दिन की भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. मंगलवार से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी जारी है. इसे लेकर जमशेदपुर डीसी ने जिला अंतर्गत कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी कोटि के सरकारी, निजी, अल्पसंख्यक एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में दिनांक 20 जून (शुक्रवार) को अवकाश घोषित किया है.
बताया गया कि भारत मौसम विभाग (IMD) से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी सिंहभूम जिला में आगामी 24 घंटों में लगातार भारी वर्षा की आशंका जताई गई है. उक्त परिस्थिति को देखते हुए स्कूल बंद करने का निर्णय लिया गया है. जमशेदपुर में लगातार बारिश ने नदियों का जलस्तर बढ़ा दिया है.
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि गंगा के तटीय क्षेत्र पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और आज सुबह 5.30 बजे यह उत्तरपूर्व झारखंड और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों में पहुंच गया. अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की आशंका है.
