Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: स्वच्छ सर्वेक्षण में जमशेदपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार, नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित

Jamshedpur. जमशेदपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में झारखंड के जमशेदपुर शहर को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। 11 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर के प्रतिनिधिमंडल को सम्मानित करेंगी। समारोह शाम 4 बजे से शुरू होगा। इस दौरान देशभर के स्वच्छ शहरों की रैंकिंग और पुरस्कारों की घोषणा भी की जाएगी।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों का 10वां राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

झारखंड की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव, सूडा के निदेशक और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के नगर आयुक्त सहित अन्य प्रतिनिधि समारोह में शामिल होंगे। जमशेदपुर को मिली इस उपलब्धि के पीछे शहरवासियों की भागीदारी, जमशेदपुर अक्षेस की पहल, टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की मेहनत को अहम माना जा रहा है। घर-घर से कचरा संग्रहण, कचरे का उचित निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई जैसे प्रयासों ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दिया है। यह सम्मान केवल जमशेदपुर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है l

Exit mobile version