जमशेदपुर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नवनियुक्त जिला एवं महानगर पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठ अध्यक्षों, थाना अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी सदस्यों का परिचय सह सम्मान समारोह रविवार को बारीडीह स्थित जदयू कार्यालय में आयोजित किया गया। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की भूमिका केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को जनता से सीधा संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करनी चाहिए।
‘संपर्क, समस्या एवं समाधान’ पर जोर
सरयू राय ने पदाधिकारियों से “संपर्क, समस्या एवं समाधान” के संकल्प को धरातल पर उतारने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता नियमित रूप से जनता के बीच रहें, स्थानीय समस्याओं की पहचान करें और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करें।
उन्होंने समाज में बढ़ती सट्टेबाजी और नशाखोरी को लेकर भी कार्यकर्ताओं से सजग रहने की अपील की। विशेष रूप से ब्राउन शुगर जैसी नशीली गतिविधियों के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर उन्होंने जोर दिया। राय ने 2 अक्टूबर को धालभूम क्लब, साकची में प्रस्तावित “सट्टा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर विचार क्रांति सम्मेलन” में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
गांव से शहर तक जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी
जदयू पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन को शहर से लेकर गांव तक मजबूत करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जनता के बीच जाने, स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेने और संगठन का विस्तार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता तभी बढ़ेगी, जब पदाधिकारी जनता के सुख-दुख में लगातार उनके साथ खड़े रहें। बूथ एवं क्षेत्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
अक्टूबर के प्रथम सप्ताह तक संगठन विस्तार का लक्ष्य
जदयू जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने महानगर क्षेत्र के थाना अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों को अक्टूबर के प्रथम सप्ताह तक संगठन विस्तार का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महानगर के सभी क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पुराने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच सक्रिय रहने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विनोद सिंह ने किया। समारोह में जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार समेत जदयू के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
