Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: कैरव गांधी घर लौटे, परिवार ने जताया आभार, अब अपहरण में शामिल आपराधिक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में जुटी जमशेदपुर पुलिस

Jamshedpur. जमशेदपुर से अपहरण किए गए युवा कारोबारी कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि कैरव गांधी सुरक्षित हैं और उनके अपहरण में शामिल आपराधिक गिरोह के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कैरव के पिता देवांग गांधी ने सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, स्थानीय पुलिस और झारखंड पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और इस अपहरण कांड से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

बता दें कि उधमी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी 13 जनवरी 2026 को दोपहर के समय लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद पुलिस जांच में यह सामने आया कि कैरव की कार सरायकेला जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एक होटल के पास लावारिस हालत में मिली थी। वहीं, कैरव के मोबाइल फोन का अंतिम लोकेशन जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में ट्रेस हुआ था, जिसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने कैरव गांधी को हजारीबाग के बिहार बॉर्डर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

शिफ्टिंग के दौरान दबोचे गए अपराधी
पुलिस के अनुसार, इस अपहरण कांड के पीछे बिहार का एक बड़ा किडनैपिंग गिरोह शामिल है। अपहरणकर्ता कैरव गांधी को हर दिन एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे थे, ताकि पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके। इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि हजारीबाग के चौपारण के आसपास, बिहार से सटे इलाके में कैरव को एक बार फिर शिफ्ट किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमों ने एक साथ दबिश दी। पुलिस को देख अपराधी कार वहीं छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद कैरव गांधी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

Exit mobile version