Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: साकची के कुश भवन में कुश जयंती समारोह की धूम, कुशवाहा समाज के मेधावी बच्चों को किया गया सम्मानित

जमशेदपुर: साकची स्थित कुश भवन में कुशवाहा संघ जमशेदपुर की ओर से कुश जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के मेधावी बच्चों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया। समारोह में समाज की एकता, शिक्षा के महत्व और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और भगवान कुश के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद संघ की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।

मेधावी बच्चों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कवयित्री अंकिता सिन्हा और विशिष्ट अतिथि कथाकार एवं उपन्यासकार जयनंदन ने समाज के मेधावी बच्चों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया।

अतिथियों ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में बच्चों के सम्मान को लेकर अभिभावकों और समाज के लोगों में उत्साह देखा गया।

जयनंदन ने दिया भाईचारे का संदेश, अंकिता सिन्हा ने सुनाईं कविताएं

विशिष्ट अतिथि साहित्यकार जयनंदन ने अपने संबोधन में आपसी संवाद, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने समाज में सकारात्मक संवाद बनाए रखने की आवश्यकता बताई।वहीं, मुख्य अतिथि कवयित्री अंकिता सिन्हा ने शृंगार रस और नारी शक्ति पर आधारित कविताओं का पाठ किया। उनकी साहित्यिक प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही।

संघ ने प्रस्तुत की विकास कार्यों की रिपोर्ट

समारोह में जवाहर लाल सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कुशवाहा संघ की गतिविधियों का परिचय दिया।संघ के सचिव रामकुमार सिंह ने संगठन के विकास कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सह-सचिव रामानंद भक्त ने संघ की गतिविधियों के साथ भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा रखी।संघ के अध्यक्ष शिवकुमार भक्त ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिक्षा और सामाजिक एकता पर वक्ताओं ने रखे विचार

समारोह को वर्कर्स कॉलेज के पूर्व प्राचार्य बीएन प्रसाद, कोल्हान विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, संघ के संरक्षक महेश प्रसाद, गोपाल प्रसाद, कोषाध्यक्ष अतुल आनंद और डॉ. टीएन वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।इस दौरान अतिथियों और गणमान्य लोगों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

लिट्टी पार्टी के साथ समारोह का समापन

कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता संजय कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संघ के उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने किया।आयोजन को सफल बनाने में आशा वर्मा, कांता देवी, रामकुमार, राजकुमार प्रसाद, राहुल प्रसाद, अनिल प्रसाद, प्रभा सिन्हा, ममता सिंह, मधुमाला, डॉ. उपेंद्र प्रसाद, केपी सिंह और रंजीत कुशवाहा सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।समारोह के अंत में सभी लोगों ने सामूहिक लिट्टी पार्टी का आनंद लिया।

Exit mobile version