
Jamshedpur. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल के समीप बजरंग चौक पर शनिवार देर रात भारी हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम द्वारा एक शराबी पति को थाने ले जाने के प्रयास के दौरान स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक सड़क पर बवाल होता रहा। घटना के संबंध में बताया जाता है कि पेट्रोलिंग टीम जब आरोपी व्यक्ति को गाड़ी में बैठाने का प्रयास कर रही थी। तभी तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
इस दौरान संतुलन बिगड़ने से व्यक्ति जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल की पहचान रितेश ठाकुर के रूप में हुई है। रितेश के घायल होते ही स्थानीय लोग उग्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन ने रितेश को धक्का मारा और पुलिसकर्मियों ने लाठी से उसकी पिटाई की।
लोगों ने पुलिस वैन के चालक पर भी नशे में होने का संगीन आरोप लगाते हुए वाहन को चारों तरफ से घेर लिया। हंगामे और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी मोहम्मद फैज अतिरिक्त पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लहूलुहान रितेश ठाकुर को इलाज के लिए साकची स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा।
