
Jamshedpur. जमशेदपुर के कई इलाकों में इन दिनों घरेलू एलपीजी गैस की किल्लत देखी जा रही है। विभिन्न वितरण केंद्रों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। सिदगोड़ा और गोलमुरी जैसे क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बुक कराए 15 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन उनके घर तक डिलीवरी नहीं पहुंच रही है। रसोई गैस की दिक्कत जमशेदपुर में कम नहीं हो रही है। जुगसलाई की काबरा एजेंसी में 3500 बैकलॉग अभी है, लेकिन लोगों ऑनलाइन बुक करने पर छह दिन से पहले किसी के घर गैस नहीं पहुंच रही है। एजेंसी के टेंपो से गैस की सप्लाई जारी है।
सुबह गैस एजेंसी का कार्यालय खुलते जुगसलाई और परसूडीह क्षेत्र में लोग पर्ची बनाने के लिए कतार में लग जाते हैं। परसूडीह मेन रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी के अनुसार, अभी हजार से 12 सौ बुकिंग बैकलॉग है। उपभोक्ता के घर 6 से 8 दिन में गैस पहुंच रही है। एजेंसी के अनुसार, गैस की दिक्कत नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं में अफवाह से परेशानी बढ़ गई। लोगों को संयम बरतना चाहिए। इधर, जुगसलाई मारवाड़ी पाड़ा रोड की काबरा गैस एजेंसी में कतार लंबी होने से रोज सुबह में 9 से 11 बजे तक नया बाजार, गद्दी मोहल्ला की सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
उपायुक्त ने सभी आपूर्तिकर्ता एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वितरण प्रणाली में किसी भी तरह की कोताही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
