Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: सोनारी की गोला बस्ती में स्क्रैप टाल में भीषण आग, लाखों का नुकसान, पटाखे की वजह से आग लगने की आशंका

Jamshedpur. सोनारी थाना क्षेत्र की गोला बस्ती स्थित स्क्रैप टाल में सोमवार देर रात भीषण आग लग गयी.आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में टाल में रखा प्लास्टिक, लोहे के टुकड़े, रबर और अन्य कबाड़ का ढेर जलकर खाक हो गया. आग रात लगभग 1:30 बजे लगी. इस घटना में लाखों रुपए का सामान नष्ट हो गया, लेकिन फायर कर्मियों और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.
आग की लपटें और धुआं आसमान में उठते देख आसपास की बस्तियों में दहशत फैल गई . स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सोनारी, बारीडीह और गोलमुरी फायर स्टेशन से कुल 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं.

दमकल विभाग की टीम ने लगभग ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. यदि यह आग समय पर नियंत्रित नहीं की जाती, तो पास की घनी आबादी वाली बस्तियों में भीषण नुकसान हो सकता था. पटाखे चलाने के कारण निकली चिनगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, दमकल विभाग और पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं.

Exit mobile version