
Jamshedpur.जमशेदपुर स्थित सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के समीप गुरुवार भोर एक भीषण सड़क दुर्घटना में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री समेत चार युवाओं की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़ी ट्रक में जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गये.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया. सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में साथी मंत्री और बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी तथा अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर से मेरा हृदय अत्यंत व्यथित है.
उन्होंने कहा, अपनी संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है. इस बेहद कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी और शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए कोई शब्द नहीं हैं. सोरेन ने कहा कि मरांग बुरू दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें.
राज्यपाल संतोष गंगवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी के असामयिक निधन की खबर बेहद हृदय विदारक और आत्मा को झकझोर देने वाली है. उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता.