
Jamshedpur. जमशेदपुर। दलमा वन्य जीव अभयारण्य में आने वाले पर्यटकों को रविवार को बड़ी सौगात मिली। मकुलाकोचा में बने आधुनिक इको रेस्ट हाउस का उद्घाटन पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पूजा-अर्चना कर और गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, दलमा की डीएफओ सबा आलम अंसारी, सरायकेला के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के साथ ही रेस्ट हाउस पर्यटकों के लिए खोल दिया गया और इसकी ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी गई।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि यह रेस्ट हाउस दलमा पर्यटन को नई पहचान देगा।उन्होंने बताया कि दलमा टॉप स्थित पिंडराबेड़ा में भी 15 कमरों वाला आधुनिक हैंगिंग इको रेस्ट हाउस अंतिम चरण में है, जिसका आधा हिस्सा पहाड़ से बाहर की ओर बना होगा और यह पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होगा। पर्यटक दलमा वाइल्ड लाइफ और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।
रेस्ट हाउस का किराया 3500 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें नाश्ता भी शामिल रहेगा। मकुलाकोचा और पिंडराबेड़ा में 15-15 कमरों वाले दोनों इको रेस्ट हाउस करीब 11 करोड़ की लागत से विकसित किए जा रहे हैं। परिसर में फाउंटेन, गज़ीबो, कैफेटेरिया और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि रेस्ट हाउस के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय वन समिति को सौंपी गई है।
इसके लिए 30 स्थानीय युवाओं को आईएचएम ब्रांबे में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे उन्हें स्थायी रोजगार मिलेगा। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम और पौधरोपण भी किया गया। अधिकारियों का कहना है कि नई सुविधा से दलमा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
