Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: साकची में एसएसपी ऑफिस के पास पोती को जुबिली पार्क घुमाने आयी महिला से सोने की चेन झपट भागे बदमाश

Jamshedpur. शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार जुबली पार्क गेट नंबर-1 के पास शुक्रवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब पांच ग्राम की सोने की चेन झपट ली। सबसे हैरत की बात यह है कि घटनास्थल एसएसपी कार्यालय से महज 100 मीटर दूर है। कुछ ही सेकेंड में घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। पीड़िता चंदना दास सोनारी की रहने वाली हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी पोती बाहर से आई है। उसे घुमाने के लिए वह शुक्रवार शाम जुबली पार्क गई थीं। पार्क में घूमने के बाद दोनों जुबली पार्क गेट नंबर-1 के पास स्थित एक फूड स्टॉल पर चाउमिन खाने पहुंचीं। उन्होंने चाउमिन का ऑर्डर दिया और इंतजार करने लगीं। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक चला रहा युवक वाहन स्टार्ट कर बैठा रहा, जबकि दूसरा बाइक से उतरकर उनकी ओर बढ़ा। चंदना दास को लगा कि वह भी फूड स्टॉल पर कुछ खरीदने आया है, लेकिन अगले ही पल उसने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। इसके बाद वह दौड़कर बाइक पर बैठा और दोनों बदमाश तेज गति से फरार हो गये।

घटना की सूचना के बाद पुलिस पहुंची और पार्क गोलचक्कर, बंगाल क्लब गोलचक्कर और साकची मुख्य गोलचक्कर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान के लिए भागने के संभावित मार्गों की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version