Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: विधायक पूर्णिमा साहू ने बर्मामाइंस समेत शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर DC से की मुलाकात,.मिला समाधान का भरोसा

Jamshedpur. जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शनिवार को बर्मामाइंस और आसपास के क्षेत्रों की गंभीर जनसमस्याओं को लेकर जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अवैध भारी वाहन पार्किंग, बदहाल यातायात व्यवस्था, उड़ती धूल से बढ़ते प्रदूषण, स्ट्रीट लाइट, बिजली और पानी कनेक्शन में देरी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में ढिलाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. विधायक ने बताया कि जेम्को भगत सिंह चौक से गोविंदपुर अन्ना चौक तक और ट्रैफिक ट्रेनिंग सेंटर से बर्मामाइंस गोलचक्कर तक सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है.

टाटा स्टील और न्यूवोको सीमेंट के पार्किंग स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में समस्या और गंभीर हो जाती है. उन्होंने बेचिंग प्लांट और फाइन सेपरेशन यूनिट से फैल रहे वायु प्रदूषण पर भी चिंता जताई, जिसे घनी आबादी के स्वास्थ्य के लिए खतरा बताया.

जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता दिखाते हुए सोमवार को टाटा स्टील प्रबंधन, यूआईएसएल और संबंधित कंपनियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान निकालने का आश्वासन दिया. विधायक ने उम्मीद जताई कि इस पहल से बर्मामाइंस क्षेत्र को ठोस और दीर्घकालिक राहत मिलेगी.

Exit mobile version