Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: एमजीएम में हादसे के बाद विधायक सरयू राय और पूर्णिमा साहू पहुंचे, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए

Jamshedpur.एमजीएम अस्पताल में पुराने जर्जर भवन के छज्जे के गिरने से हुई घटना के बाद जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी विधायक सरयू राय और पूर्णिमा दास साहू घटना स्थल पर पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए. दोनों विधायकों ने इस घटना के बाद जमशेदपुर के स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर लापरवाही और लिपापोती का आरोप लगाया है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय और पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि अस्पताल भवन की जर्जर हालत लंबे समय से बनी हुई है. सरयू राय ने कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता यहां के विधायक भी रहे. मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी अस्पताल का निरीक्षण किया. उन लोगों ने अस्पताल की हालत पर गंभीरता नहीं दिखायी. विधायक सरयू राय ने कहा कि यह घटना अस्पताल प्रशासन की बड़ी लापरवाही का परिणाम है.

उन्होंने इस पर सख्त आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस भवन में मरीजों का इलाज चल रहा था, वह बिलकुल जर्जर हो चुका था और प्रशासन को इसके बारे में पहले से जानकारी थी. इसके बावजूद इस भवन में मरीजों का इलाज जारी रखा गया, जो कि बिल्कुल अस्वीकार्य है.विधायक पूर्णिमा दास साहू ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह घटना स्वास्थ्य विभाग के प्रति जनता के विश्वास को तोड़ने वाली है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस घटना की गहरी जांच की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

Exit mobile version