Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: मानगो नगर निगम और जेएनएसी की कार्यप्रणाली पर विधायक सरयू राय ने उठाये सवाल, मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप करने की मांग

Jamshedpur. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने राज्य की नगरपालिकाओं, विशेषकर मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की बदहाल कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने मुख्यमंत्री सह नगर विकास मंत्री हेमंत सोरेन से सीधे हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि राज्य के नगर निकाय अब वैधानिक संस्थाओं की तरह नहीं, बल्कि मनमानी, राजनीतिक दबाव और जुगाड़ तंत्र के सहारे संचालित हो रहे हैं।सरयू राय ने कहा कि कचरा निष्पादन के मामले में इनका रवैया बेहद अमानवीय और जनविरोधी है। मोहल्लों में कचरे के ढेर लगे हैं, गंदगी सड़कों और बस्तियों तक फैल रही है, लेकिन नगर निकायों के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी कोई चिंता नहीं है।

सफाई ठेकेदारों पर प्रशासन का नियंत्रण लगभग निष्प्रभावी हो गया है। ठेकेदार अपनी मर्जी से काम कर रहे हैं और अधिकारी जवाबदेही से बचते नजर आ रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि मिशन 29 के नाम पर सक्रिय कुछ लोग सरकार में अपने प्रभाव का हवाला देकर नगरपालिका के अधिकारियों को भयभीत कर रहे हैं। राय ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मानगो नगर निगम और जेएनएसी सहित राज्य के सभी नगर निकायों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि नगरपालिकाओं को ‘नरकपालिका’ में तब्दील होने से रोकना सरकार की जिम्मेदारी है।

जनता टैक्स और शुल्क इसलिए नहीं देती कि उसे बदले में कचरे के ढेर, गंदगी, टूटी सड़कें और प्रशासनिक मनमानी मिले। मुख्यमंत्री को अब केवल निर्देश जारी करने की औपचारिकता से आगे बढ़कर ठोस और दिखाई देने वाली कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे राजनीतिक मोह और दबाव से ऊपर उठकर नगर निकायों को कानून के शासन के अधीन लाएं तथा जनसुविधाओं के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह तंत्र स्थापित करें।

Exit mobile version