New Delhi. आईडीबीआई बैंक में हिस्सेदारी बेचे जाने के खिलाफ बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त मंच की दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल समाप्त हो गई। सरकार ने आईडीबीआइ बैंक में बहुलांश हिस्सेदारी कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स को बेचने का निर्णय किया है। बैंक कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। बैंक कर्मचारी संघ हिस्सेदारी की बिक्री रोकने की कोशिशों के तहत आगे की रणनीति 10 नवंबर को होने वाली बैठक में तय करेगा।

आईडीबीआई अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त मंच (यूनाइटेड फोरम ऑफ आईडीबीआई ऑफिसर्स एंड एम्प्लॉइज) के संयोजक देविदास तुलजापुरकर ने कहा, ‘देशभर में कर्मचारियों और अधिकारियों ने हड़ताल को व्यापक समर्थन दिया। संघर्ष तेज करने के तरीके पर दिवाली के बाद 10 नवंबर को होने वाली हमारी मुख्य समिति की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि संघ अपने समर्थन के लिए बैंक कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मंच (यूएफबीयू) से भी संपर्क करेगा। इसमें देशव्यापी हड़ताल का आह्वान करने का अनुरोध भी शामिल है।


