Lahar Chakra

JAMSHEDPUR : बागबेड़ा के राम नगर से हटाया गया कचरा का पहाड़, अहम सवाल – आगे क्या होगा …

जमशेदपुर. बागबेड़ा क्षेत्र में कचरा निष्पादन बड़ी समस्या बना हुआ है. लोग इलाके में कुछ निश्चित जगहों पर घरों से हर दिन कचरा दिन के उजाले और रात के अंधेरे में डंप कर जाते है जो कुछ ही दिनों में सड़क किनारे पहाड़ बनकर खड़ा हो जाता है. यहां से उठने वाली दुर्गंध हर दिन लोगों को परेशान करती है लेकिन उसका स्थायी निदान अब तक सामने नहीं आया. आलम यह है कि पंचायत प्रतिनिधि डंप कचरा का निष्पादन विभिन्न माध्यमों से कराते है और यह उनकी उपलब्धियों का हिस्सा बन जाता है.

दिलचस्प है कि जिला परिषद से लेकर तमाम पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी वाले बागबेड़ा में कचरा के स्थायी निदान की जगह हर बार अस्थायी समाधान ही सामने आता है. मंगलवार को बागबेड़ां राम नगर मंदिर के समीप से कचरा का उठाव किया गया. स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों की माने तो यह उठाव विधायक संजीव सरदार की पहल पर जुस्को की ओर से कराया गया.

हालांकि कचरा उठाव की मात्रा का सही अनुमान तो नहीं लग सका है  लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों ने दावा किया कि अभियान में रामनगर बजरंगबली मंदिर के पास की मुख्य सड़क के किनारे से लगभग 100 टन कचरा का उठाया किया गया. यह उठाव जेसीबी एवं दो हाईवा की मदद से हुआ.

इस मौके पर उप मुखिया संतोष ठाकुर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के बागबेडा अध्यक्ष अजीत सिंन्हा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड सचिव जगत मार्डी, बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह, राकेश सिंह, उमेश पांडे, राजकुमार सिंह एवं मुखिया मायावती टुडू आदि मौजूद रही. इस सफाई अभियान के बाद यह सवाल सहज रूप से उठ रहा है कि  अब आगे क्या होगा?

कचरा फिर से उसी स्थान पर डाला जायेगा और यह कुछ ही दिनों में फिर से पहाड़ बनकर दुर्गंध फैलाने लगेगा. यह प्रक्रिया अनवरत जारी रहेगी और उसकी सफाई कराकर पंचायत प्रतिनिधि अपनी सक्रियता का प्रदर्शित करते रहेंगे.

Exit mobile version