
Jamshedpur. जमशेदपुर में एक और रेलवे स्टेशन बनने जा रहा है. टाटानगर के पास कुदादा में बनने वाले इस स्टेशन का नाम स्वर्णरेखा स्टेशन होगा. दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने इस आशय का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है. बोर्ड की अनुमति मिलने पर इस दिशा में आगे का काम शुरू होगा. यह टाटानगर- बादामपहाड़ रेलमार्ग पर दसवां स्टेशन होगा. रेलवे द्वारा इस मार्ग पर यह स्टेशन खासकर हल्दीपोखर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है. इस निर्णय के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में उत्साह है. रेलवे सूत्रों के अनुसार, चक्रधरपुर रेलमंडल की ओर से पहले इस प्रस्तावित स्टेशन को लेकर विस्तृत सर्वेक्षण कराया गया था.
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने लगातार ग्रामीण यात्रियों की समस्या को रेलवे मंत्रालय के समक्ष उठाया था, जिसके परिणामस्वरूप यह परियोजना आगे बढ़ी है. यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इसे छाया युक्त प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, टिकट काउंटर और शेड जैसी सुविधाएं विकसित की जायेंगी.
मालूम हो कि टाटानगर से बादामपहाड़ मार्ग पर अभी पांच ट्रेनें चलती हैं. इनमें तीन टाटानगर बादामपहाड़ मेमू ट्रेन और दो साप्ताहिक (राउरकेला बादामपहाड़ और शालीमार बादामपहाड़) एक्सप्रेस शामिल है. सांसद की पहल से ही अक्तूबर 2019 में चक्रधरपुर मंडल ने टाटानगर बादामपहाड़ रेलमार्ग पर एक नया रेलवे हॉल्ट बनाया था, जहां तीनों मेमू ट्रेनें रोज अप-डाउन में रुकती है.
