Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :सिंहभूम चैम्बर में 18 दिसंबर को ए.आई. और वित्तीय नियंत्रण पर विशेष कार्यशाला

जमशेदपुर।
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ की ओर से व्यवसाय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) एवं आंतरिक वित्तीय नियंत्रण की भूमिका और उसके प्रभाव को लेकर गुरुवार, 18 दिसंबर 2025 को चैम्बर भवन में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला का उद्देश्य व्यापारियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उनके व्यवसाय को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाना है।

कार्यशाला में देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। इनमें प्राइस वाटरहाउस एलएलपी के पार्टनर श्री गौरव बर्द्धन, निदेशक श्री अंशुमन झुनझुनवाला तथा टेक सॉल्यूशन प्रा. लि. की संस्थापक निदेशक श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल शामिल हैं। ये विशेषज्ञ व्यवसाय में ए.आई. के व्यावहारिक उपयोग, आंतरिक वित्तीय नियंत्रण प्रणालियों, जोखिम प्रबंधन और डिजिटल युग में व्यापार को सुरक्षित व प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। यह जानकारी चैम्बर के मानद महासचिव श्री पुनीत कांवटिया ने दी।

चैम्बर अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने बताया कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह व्यापार, वित्त, विपणन और प्रबंधन के हर पहलू में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ए.आई. को अपनाए बिना आज के प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में आगे बढ़ना कठिन होता जा रहा है। ऑनलाइन व्यापार और बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव ने परंपरागत स्थानीय व्यापारियों के सामने नई चुनौतियाँ खड़ी कर दी हैं।

श्री केडिया ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर निरंतर प्रयास कर रहा है कि स्थानीय व्यापारी भी आधुनिक तकनीक को अपनाकर बड़े व्यापारिक घरानों के समकक्ष खड़े हो सकें। इसके लिए व्यवसाय में ए.आई. का सही और प्रभावी उपयोग तथा मजबूत आंतरिक वित्तीय नियंत्रण प्रणाली बेहद आवश्यक है। इस कार्यशाला के माध्यम से व्यापारियों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि ए.आई. कैसे लागत कम करने, निर्णय प्रक्रिया को बेहतर बनाने और वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने में सहायक हो सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यशाला चैम्बर सदस्यों के साथ-साथ छोटे और परंपरागत स्थानीय व्यापारियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। विशेषज्ञों के व्याख्यान से व्यापारियों को व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा, जिससे वे अपने व्यवसाय को आधुनिक तकनीक के अनुरूप ढाल सकेंगे।

सिंहभूम चैम्बर ने सभी सदस्यों, उद्यमियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे इस कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसका लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को नई दिशा देने की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाएं।

Exit mobile version