Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :आनंद मार्ग का सेवा अभियान,10 मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन, पर्यावरण बचाने के लिए बांटे 50 पौधे

जमशेदपुर :
जमशेदपुर में सामाजिक सेवा के तहत Ananda Marga Universal Relief Team Global द्वारा चलाए जा रहे दृष्टि सेवा महाअभियान के अंतर्गत 10 मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया। यह कार्य Purnima Netralaya के सहयोग से संपन्न हुआ।

संस्था की ओर से बताया गया कि एक माह के अंतराल में इन सभी मरीजों की दोनों आंखों का फेको सर्जरी के माध्यम से लेंस प्रत्यारोपण किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीजों को दवा और चश्मा भी उपलब्ध कराया गया तथा उनका स्वागत किया गया।

संस्था पिछले कई वर्षों से आयुष्मान योजना और राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (DBCS) के तहत दृष्टि सेवा अभियान चला रही है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मुफ्त नेत्र उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी संस्था सक्रिय है। Prevention of Cruelty to Animals and Plants (PCAP) जमशेदपुर के सहयोग से गदरा क्षेत्र में लोगों के बीच 50 पौधों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर सुनील आनंद ने कहा कि वर्ष 1980 के बाद से पृथ्वी का औसत तापमान लगभग 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। वैज्ञानिकों के अनुसार इसका मुख्य कारण कार्बन डाइऑक्साइड का बढ़ता उत्सर्जन, ग्रीनहाउस गैसें और जंगलों की अंधाधुंध कटाई है। उन्होंने बताया कि तापमान बढ़ने का सीधा असर खेती पर पड़ता है और इससे फसलों की पैदावार में 3 से 7 प्रतिशत तक कमी आ सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्लास्टिक और पॉलिथीन भी पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। इसी कारण आनंद मार्ग की ओर से हर महीने लगभग 2000 पौधे लोगों के बीच वितरित किए जाते हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े।

संस्था की ओर से जानकारी दी गई कि 12 मार्च, गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक गदरा शिव मंदिर के पास स्थित आनंद मार्ग जागृति में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में आंखों से संबंधित बीमारियों की जांच और आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।

Exit mobile version