
JAMSHEDPUR NEWS | भारत स्काउट एंड गाइड, पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय, आम बागान, साकची में शनिवार को जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हुई इस बैठक में संगठन के विस्तार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जिला चुनाव और भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक का शुभारंभ स्काउट-गाइड प्रार्थना के साथ हुआ। बैठक का संचालन जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला कब्स कमिश्नर श्याम कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लगभग 50 स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, संगठन के पदाधिकारी, सदस्यगण और नोडल शिक्षक उपस्थित रहे।
संगठन विस्तार पर दिया गया विशेष जोर
बैठक में जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं पदाधिकारियों का स्वागत और परिचय कराया। इसके बाद एजेंडावार चर्चा करते हुए पूर्व बैठक के प्रस्तावों की संपुष्टि की गई तथा संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। निर्णय लिया गया कि जिले के अधिक से अधिक सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों को भारत स्काउट एंड गाइड संगठन से जोड़ा जाएगा और उनका पंजीकरण कराया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन पर बनी सहमति
बैठक में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविरों का नियमित आयोजन करने पर सहमति बनी। साथ ही स्काउट एवं गाइड से जुड़े शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय बिगनर्स प्रशिक्षण शिविर तथा सात दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
अगस्त तक होंगे जिला स्तरीय चुनाव
कार्यकारिणी बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भारत स्काउट एंड गाइड, पूर्वी सिंहभूम का जिला स्तरीय चुनाव अगस्त 2026 तक संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक सभी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने तथा राज्य मुख्यालय से अनुमोदन प्राप्त करने के लिए आवेदन भेजने का भी निर्णय लिया गया। चुनाव प्रक्रिया के लिए पर्यवेक्षक की नियुक्ति हेतु भी राज्य मुख्यालय को अनुरोध भेजा जाएगा।
राष्ट्रपति पुरस्कार विजेताओं का होगा सम्मान
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के उन स्काउट एवं गाइड छात्र-छात्राओं के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिन्होंने पिछले वर्ष राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त किया है। इसके अलावा जुलाई माह में राज्य पुरस्कार हेतु परीक्षण (जांच) शिविर आयोजित करने की भी योजना बनाई गई।
कई पदाधिकारी और शिक्षक रहे उपस्थित
बैठक में जिला स्काउट प्रशिक्षक नीरज शुक्ला, सहायक आयुक्त (स्काउट) मानस रंजन पात्र सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सहायक आयुक्त (स्काउट) मानस रंजन पात्र ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
