Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर के 28 मंडलों में भाजपा ने मनाया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, अर्जुन मुंडा व विद्युत महतो समेत कई नेताओं ने किया योगाभ्यास

जमशेदपुर (Jamshedpur): अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा (पूर्वी, पश्चिमी, पोटका और जुगसलाई) के अधीन आने वाले सभी 28 मंडलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों में प्रशिक्षित योग गुरुओं ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को योगासन कराते हुए इसके अनगिनत स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

संजीव सिन्हा ने बताया भारत की अनुपम धरोहर

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बिस्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति द्वारा आयोजित शिविर में योगाभ्यास किया। इस मौके पर संजीव सिन्हा ने कहा कि योग पूरी दुनिया को भारत की दी गई एक अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से साल 2014 से योग को वैश्विक स्तर पर जो अपार सम्मान और पहचान मिली है, वह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

अर्जुन मुंडा ने घोड़ाबांधा में किया योग, लगाया पौधा

घोड़ाबांधा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा वन विभाग स्थित ओम कालेश्वर मंदिर प्रांगण में योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए। अर्जुन मुंडा ने स्थानीय लोगों के साथ योग करने के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि नित्य योग करने से शरीर को शक्ति और मन को शांति मिलती है। शिविर में पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जितेंद्र राय, कृष्णा शर्मा काली और नीरज शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांसद विद्युत महतो ने बिस्टुपुर में दिया संतुलन का संदेश

बिस्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब मैदान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हिस्सा लिया। प्राणायाम का अभ्यास करने के बाद सांसद ने कहा कि योग हमें हमारी संस्कृति और प्रकृति से सीधे जोड़ता है। तनावपूर्ण भागदौड़ भरी जिंदगी में संतुलन लाने के लिए हर व्यक्ति को इसे अपनी जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए। मौके पर राजेश शुक्ल, रीता मिश्रा और तन्मय झा उपस्थित थे।

विधायक पूर्णिमा साहू ने भालूबासा में रोपा रुद्राक्ष का पौधा

सीतारामडेरा मंडल और पतंजलि योग पीठ के संयुक्त तत्वावधान में भालूबासा के प्रीतम पार्क में योग शिविर लगाया गया। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया और कार्यक्रम के अंत में ‘रुद्राक्ष’ का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि योग और प्रकृति ही अनुशासित व संतुलित जीवन का असली आधार हैं। मौके पर गुंजन यादव और रंजीत सिंह मौजूद रहे।

28 मंडलों में दिखा योग का खुमार

महानगर के विभिन्न मंडलों में पप्पू उपाध्याय, युवराज सिंह, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी, विकास शर्मा, रितेश झा, मारुति नंदन पांडे, प्रशांत पोद्दार और बिनोद राय समेत सभी 28 मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास कर दैनिक जीवन में योग को अपनाने का दृढ़ संकल्प लिया।

Exit mobile version