
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह यात्रा रविवार सुबह 11 बजे साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से प्रारंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः नेताजी सुभाष मैदान पहुंचकर संपन्न होगी।
राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान का संदेश
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर यात्रा की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा
तिरंगा यात्रा नेताजी सुभाष मैदान, साकची से प्रारंभ होकर बंगाल क्लब गोलचक्कर, साकची बड़ा गोलचक्कर, आई अस्पताल के समीप टेम्पो स्टैंड रोड, बसंत टॉकीज गोलचक्कर, जमशेदपुर अक्षेस गोलचक्कर होते हुए आई अस्पताल मार्ग से वापस नेताजी सुभाष मैदान पहुंचेगी। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण बनाए रखने की तैयारी की गई है।
भारत माता की झांकी और देशभक्ति गीत होंगे आकर्षण
आयोजकों के अनुसार तिरंगा यात्रा में ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजा, देशभक्ति गीतों से सुसज्जित डीजे और भारत माता की झांकी से सुसज्जित रथ प्रमुख आकर्षण होंगे। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर पैदल यात्रा में शामिल होंगे, जिससे शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगने की तैयारी है।
वरिष्ठ नेताओं की रहेगी मौजूदगी
यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं की ओर से सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे।
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने शहर के सभी सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, अधिवक्ताओं, प्रबुद्धजनों और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होकर इसे भव्य और ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।
