जमशेदपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने ‘समरसता दीपोत्सव’ का आयोजन किया। महानगर क्षेत्र की चारों विधानसभा के 28 मंडलों के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर संत गुरु रविदास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सामाजिक समरसता, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
चारों विधानसभा के मंदिरों में दीपोत्सव का आयोजन
समरसता दीपोत्सव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर दीप जलाए। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित रविदास कॉलोनी के हरि मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर गुरु रविदास महाराज को नमन किया। वहीं भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने सोनारी क्षेत्र के एक प्रमुख मंदिर में दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर मंदिरों के गुरुओं, पुजारियों और संत-महात्माओं का सम्मान भी किया गया।
गुरु रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणा
पूर्णिमा साहू ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, आत्मसम्मान, सेवा और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकता और समरसता के सूत्र में बांधने का कार्य किया। उनके आदर्श आज भी न्यायपूर्ण, समतामूलक और विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह गुरु रविदास के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करे।
भाजपा ने सामाजिक समरसता के संकल्प को दोहराया
जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि गुरु रविदास महाराज संपूर्ण मानवता के महान संत और समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने विचारों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और आत्मविश्वास का संदेश पहुंचाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा संत रविदास के समता, सामाजिक न्याय और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘समरसता संकल्प अभियान’ इसी संकल्प को साकार करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो समाज में सद्भाव, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं की सहभागिता
कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। बिरसानगर, सोनारी सहित विभिन्न क्षेत्रों के मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर संत गुरु रविदास महाराज के समरसता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।