Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News : परसुडीह के सरजामदा में काम के दौरान दूसरी मंजिल से गिरकर ठेका मजदूर की मौत

Jamshedpur. परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय ठेका मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरजमदा निवासी रवि लोहार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सरजमदा स्थित रेणु देवी के घर में छत की सेंट्रिंग का काम चल रहा था। दोपहर के समय काम खत्म होने के बाद मजदूर भोजन करने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान रवि लोहार का पैर अचानक फिसल गया।

सीढ़ियों पर रेलिंग नहीं होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और दूसरी मंजिल से सीधे जमीन पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ठेकेदार मनोज लोहार भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Exit mobile version