
जमशेदपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) पूर्वी सिंहभूम द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को डालसा का मोबाइल जागरूकता वैन सुंदरनगर पहुंचा। इस दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नांदुप में विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
स्कूली बच्चों को दी गई कानूनी जानकारी
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी तथा डालसा के पैरा लीगल वॉलंटियर (PLV) नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, सुनील पांडेय, अरुण रजक, ग्लोरिया पूर्ति, सीमा देवी, बालेश्वर दास, जयंतो नंदी, रीना तिवारी, रामकंडे मिश्रा, चैतन्य नायक, सूरज कुमार और निलेश पाल ने छात्रों को कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्य एवं उद्देश्य, नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, घरेलू हिंसा से संरक्षण, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम, चाइल्ड प्रोटेक्शन, गुड टच-बैड टच, मानव तस्करी (चाइल्ड ट्रैफिकिंग), नशा उन्मूलन तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी चलाया जागरूकता अभियान
विद्यालय के अलावा डालसा की टीम ने करणडीह ब्लॉक परिसर स्थित आधार स्थायी केंद्र, करणडीह चौक, सुंदरनगर यात्री पड़ाव, तुरामडीह तथा कुदादा सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी विधिक जागरूकता अभियान चलाया।
इस दौरान लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, महिलाओं एवं बच्चों के कानूनी अधिकार, सामाजिक अपराधों की रोकथाम तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी दी गई।
90 दिवसीय अभियान का उद्देश्य
जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संचालित इस 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों, महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरतमंद लोग समय पर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकें और कानून के प्रति जागरूक समाज का निर्माण हो।
