Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन में सफल ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का हुआ आयोजन, 10 प्रतिष्ठित विद्यालयों की भागीदारी

जमशेदपुर .

डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जमशेदपुर में बुधवार को प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में एक सफल ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया. इस अवसर पर शहर एवं आसपास के लगभग 10 प्रतिष्ठित विद्यालयों ने भाग लिया और भावी शिक्षकों को रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किए. प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान करीब 60 विद्यार्थियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया. विद्यार्थियों को विद्यालय प्रतिनिधियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला, जिससे वे अपनी शिक्षण क्षमता, विषयगत ज्ञान, संवाद कौशल एवं व्यावसायिक दक्षता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर सके. यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए करियर निर्माण की दिशा में एक सशक्त मंच साबित हुआ.

इस पहल ने न केवल विद्यार्थियों की रोजगार-क्षमता बढ़ाने में सहयोग किया, बल्कि विद्यालयों और महाविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग को और सुदृढ़ करने का कार्य भी किया. प्लेसमेंट सेल प्रभारी मौसमी दत्ता ने साक्षात्कारकर्ताओं एवं साक्षात्कारार्थियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई.

कार्यक्रम का कुशल संचालन डीबीएमएस काॅलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. जूही समर्पिता और उप-प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. दोनों ने जमशेदपुर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर इस आयोजन को सार्थक रूप प्रदान किया.

महाविद्यालय प्रबंधन अध्यक्ष बी. चंद्रशेखर, सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन एवं संयुक्त सचिव सुधा दिलीप द्वारा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट विद्यालयों में बेहतर प्लेसमेंट दिलाने हेतु निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है.

Exit mobile version