Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा की मांग हुई तेज,विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र, जनहित में शीघ्र निर्णय लेने का किया आग्रह

जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर (राजस्थान) तक सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने की मांग की है। उन्होंने इस मांग को जनभावनाओं से जुड़ा बताते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया है। अपने पत्र में विधायक पूर्णिमा साहू ने उल्लेख किया कि जमशेदपुर एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां राजस्थान मूल के परिवारों एवं व्यापारियों की बड़ी आबादी निवास करती है। इस पत्र के साथ विधायक पूर्णिमा साहू ने ‘मारवाड़ी सम्मेलन’ साकची शाखा, जमशेदपुर के पत्र को भी संलग्न किया है जिसमे अनुरोध किया गया है कि जयपुर तक सीधी रेल सेवा के अभाव में यात्रियों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

पूर्णिमा साहू ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर जमशेदपुर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए जाते हैं। इसके अलावा सालासर बालाजी मंदिर, अजमेर शरीफ दरगाह, जयपुर, जोधपुर और झुंझुनूं जैसे प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के लिए भी लगातार यात्राएं होती रहती हैं।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान के कोटा शहर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि कोटा देश का प्रमुख ‘एजुकेशन हब’ है, जहां जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु जाते हैं। वर्तमान रेल व्यवस्था उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम नहीं है। विधायक पूर्णिमा साहू ने पत्र में यह भी कहा कि सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को दिल्ली अथवा अन्य स्टेशनों पर उतरकर ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को भारी असुविधा होती है।

विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री से जनहित और क्षेत्र की बड़ी आबादी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है।

Exit mobile version