JAMSHEDPUR:
स्थानीय प्रधान डाकघर परिसर में बुधवार को एक गरिमामय विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्तमान वरीय डाकपाल शंकर कुजूर के स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नए वरीय डाकपाल के रूप में सुधीर कुमार का हार्दिक अभिनंदन किया गया।
अपरिहार्य कारणों से समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाने के बावजूद वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने शुभकामना संदेश भेजा। उन्होंने शंकर कुजूर के 20 माह के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और सहयोग से विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में उल्लेखनीय सफलता मिली। साथ ही उन्होंने श्री कुजूर को उनके आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं और कर्मचारियों से नए वरीय डाकपाल के साथ भी बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।
समारोह के दौरान कर्मचारियों ने शंकर कुजूर को शाल, उपहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। ढोल-ताशों की गूंज के बीच विदाई कार्यक्रम उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री कुजूर ने केक काटकर सभी के साथ अपनी खुशियां साझा कीं।
अपने संबोधन में श्री शंकर कुजूर ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सहयोग के बिना विभागीय उपलब्धियां संभव नहीं थीं। उनकी मृदुभाषी कार्यशैली और मिलनसार स्वभाव की कर्मचारियों ने सराहना की।
वहीं नवपदस्थापित वरीय डाकपाल सुधीर कुमार ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। कर्मचारियों ने उनका पुष्पगुच्छ एवं शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। श्री कुमार ने भविष्य में बेहतर तालमेल और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर जमशेदपुर प्रधान डाकघर के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को यादगार बना दिया।