Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: MY Bharat और NIC के संयुक्त प्रयास से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ

जमशेदपुर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (MY Bharat), पूर्वी सिंहभूम द्वारा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से जिला समाहरणालय, पूर्वी सिंहभूम में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी किशोर प्रसाद सहित जिले के 42 युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन एवं संवाद के लाइव प्रसारण से हुई। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित युवा ही विकसित भारत के सपने को वास्तविकता में बदल सकते हैं।

खेल, योग और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं से खेल, शिक्षा, योग और अन्य सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने समाज में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने, स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

NSD कलाकारों की प्रस्तुति ने छोड़ी गहरी छाप

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (National School of Drama – NSD) के कलाकारों द्वारा नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव पर आधारित प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुति का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

सभी प्रतिभागियों ने ली नशामुक्त भारत की शपथ

प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और युवा प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली तथा समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक नेतृत्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Exit mobile version