स्वभूमि ग्रीन वैली और आनंद विहार छठ घाट सहित तीन स्थानों पर हुए कार्य, पेवर्स ब्लॉक और नाली निर्माण से स्थानीय लोगों को मिलेगी सुविधा
जमशेदपुर। घोड़ाबांधा पंचायत में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया। 14 नवंबर को आयोजित समारोह में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी और जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर योजनाओं का लोकार्पण किया। ये कार्य जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह की अनुशंसा पर कराए गए हैं।
पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण और जनसुविधा से जुड़े कार्य पूरे होने के बाद स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में उनका उद्घाटन किया गया। इनमें स्वभूमि ग्रीन वैली दुर्गा मंडप एवं छठ घाट, आनंद विहार छठ घाट और खारंगझाड़ गणेश मंदिर परिसर में पेवर्स ब्लॉक लगाने तथा नाली निर्माण के कार्य प्रमुख हैं।
छठ व्रतियों और स्थानीय लोगों को मिलेगी सुविधा
उद्घाटन के बाद विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। खासकर छठ पर्व और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों के पूरा होने से स्थानीय निवासियों को लंबे समय से महसूस हो रही बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग देने वाले नागरिकों और प्रशासनिक सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
समारोह में स्थानीय नागरिकों की रही भागीदारी
उद्घाटन समारोह में धर्मेंद्र सिंह, विक्रम गोराई, रजत कुमार, रूबी ठाकुर, सतवीर सिंह बग्गा, रामनवमी सिंह, स्थानीय वार्ड सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक और विभिन्न समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। स्थानीय लोगों ने विकास योजनाओं के पूरा होने पर प्रसन्नता जताई।
