Lahar Chakra

Jamshedpur News :मारवाड़ी सम्मेलन साकची का भव्य होली मिलन समारोह, बन्ना गुप्ता और मानगो मेयर सुधा गुप्ता हुए शामिल

जमशेदपुर। मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा द्वारा बुधवार को धालभूम क्लब, आमबगान में भव्य होली मिलन समारोह सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सम्मेलन के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मारवाड़ी समाज के लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता तथा मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का समाज के लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। समारोह में करीब दो हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर सहभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।

45 वर्षों से जारी है होली मिलन की परंपरा

शाखा के महामंत्री बबलु अग्रवाल ने बताया कि मारवाड़ी समाज द्वारा पिछले करीब 45 वर्षों से होली मिलन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी समारोह को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया, जिसमें समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का संचालन सन्नी संघी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बबलु अग्रवाल ने दिया।

राधा-कृष्ण संग फूलों की होली बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा राधा-कृष्ण के साथ फूलों की होली खेली गई, जो समारोह का मुख्य आकर्षण रही। रंग-बिरंगे फूलों के साथ खेले गए इस पारंपरिक होली उत्सव ने कार्यक्रम में भक्ति और उल्लास का अनूठा माहौल बना दिया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने भक्ति गीतों और होली के गीतों पर जमकर आनंद लिया। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी अपनी पत्नी के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और होली के उत्सव में झूमते नजर आए।

बरसाना की लट्ठमार होली का हुआ आयोजन

समारोह के दौरान बरसाना की प्रसिद्ध लट्ठमार होली का भी आयोजन किया गया। इसमें समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक अंदाज में खेले गए इस आयोजन ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

लट्ठमार होली का अद्भुत दृश्य देखने के लिए उपस्थित लोगों में काफी उत्साह नजर आया और सभी ने इस पारंपरिक आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में इनका रहा योगदान

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समाज के कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें ओमप्रकाश रिंगसिया, संतोष अग्रवाल, पुनीत काउंटिया, बबलू अग्रवाल मिनी, कोषाध्यक्ष सन्नी संघी, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), निर्मल पटवारी, संजय सेकसरिया, ऋषभ चेतानी, राहुल चौधरी, लालचंद अग्रवाल, सांवरमल अग्रवाल, अंशुल रिंगसिया, कुशल गनेडिवाल सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।

इसके अलावा श्याम जागरण मंच और राधा रानी परिवार के सदस्यों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Exit mobile version