
जमशेदपुर, 17 अगस्त 2026। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित मानसून ट्रेड फेयर 2026 का सोमवार को चैंबर भवन में भव्य उद्घाटन हुआ। मेले में महिला उद्यमियों ने फैशन, परिधान, ज्वेलरी, खान-पान, सजावटी सामान और लाइफस्टाइल से जुड़े विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं।
महिला उद्यमिता को मिला बाजार का मंच
मेले का उद्घाटन मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान, उपाध्यक्ष अर्चना दुबे, सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया और उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सुधा गुप्ता ने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं व्यवसाय और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें अपने उत्पादों और प्रतिभा को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर देते हैं।
नौशीन खान ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यवसाय के साथ उचित बाजार और मंच उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने मानसून ट्रेड फेयर को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उत्पादों की विविधता बनी आकर्षण
मानसून ट्रेड फेयर में महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां कपड़े, फैशन उत्पाद, ज्वेलरी, खान-पान, सजावटी सामान और अन्य उपयोगी वस्तुओं की बिक्री की जा रही है।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराना चैंबर की प्राथमिकताओं में शामिल है। ट्रेड फेयर के माध्यम से उन्हें ब्रांडिंग, बिक्री, नए ग्राहकों से जुड़ने और बाजार विस्तार का अवसर मिल रहा है।
उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि मेले का उद्देश्य केवल उत्पादों की बिक्री नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए प्रोत्साहित करना भी है।
अतिथियों ने स्टॉलों का किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और महिला उद्यमियों से उनके उत्पादों एवं व्यवसाय के बारे में जानकारी ली। दोपहर के सत्र में जमशेदपुर विमेंस क्लब की अध्यक्ष रीना वेद गिरी, विमेंस यूनिवर्सिटी की कॉमर्स डीन दीपा शरण एवं तरू बेन गांधी ने भी मेले का भ्रमण किया।
कार्यक्रम का संचालन चैंबर महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव भारत मकानी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल, अंशुल रिंगरसिया, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, अनिल रिंगसिया, सुमन नागेलिया, निशा केडिया, रिंकू अग्रवाल, मनोज गोयल, अश्विनी अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल समेत अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
