
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन परिसर के समीप हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने आदित्यपुर के हरिओम नगर पहुंचा। कांग्रेस नेताओं ने परिवार को हर स्तर पर न्याय दिलाने का भरोसा दिया और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह जिला प्रभारी शशिभूषण राय के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल स्वर्गीय हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह के आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की विस्तृत जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा प्रभारी नीरज भोक्ता, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष सिंह, जिला महामंत्री कौशल प्रधान और प्रदेश प्रवक्ता प्रताप यादव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए संघर्ष करेगी कांग्रेस
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद जिला प्रभारी शशिभूषण राय और जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जघन्य और अमानवीय घटना की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस मामले को झारखंड प्रदेश नेतृत्व ने भी गंभीरता से लिया है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पिता ने कहा- बेटा परिवार का एकमात्र सहारा था
इस दौरान हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उनका पुत्र परिवार का एकमात्र सहारा था। उन्होंने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व ही हिमांशु का विवाह हुआ था और अब उसकी पत्नी कम उम्र में ही विधवा हो गई है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक की पत्नी को तत्काल सरकारी नौकरी दी जाए, घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी से की मुलाकात
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी मनोज कौशिक के समक्ष पूरे घटनाक्रम को विस्तार से रखते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
डबल डाउन प्रतिष्ठान के मालिक की भूमिका की जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि डबल डाउन प्रतिष्ठान के मालिक की भूमिका की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
बढ़ते अपराध पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
