Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :Mithila Sanskritik Parishad का दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 14–15 मार्च को Gopal Maidan में

जमशेदपुर: शहर में मिथिला समाज की अग्रणी संस्था Mithila Sanskritik Parishad की ओर से 14 और 15 मार्च को बिष्टुपुर स्थित Gopal Maidan में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों मैथिल परिवार अपने परिवार के साथ शामिल होते हैं।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मैथिली परंपरा, संस्कृति, लोकगीत, भाषा और साहित्य का संरक्षण और संवर्धन करना है, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को पहचान सके और उसे आगे भी संजोकर रख सके।

मैथिली साहित्य और पुस्तकों की लगेगी प्रदर्शनी

कार्यक्रम में मैथिली भाषा और साहित्य को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध कवियों और लेखकों की पुस्तकों का विशेष स्टॉल भी लगाया जाएगा। इसमें Vidyapati, Harimohan Jha, Jyotirishwar Thakur, गोविंद दास, चंदा झा और अन्य प्रसिद्ध मैथिली साहित्यकारों की रचनाएं उपलब्ध होंगी।

इस पहल का उद्देश्य लोगों को मैथिली साहित्य पढ़ने के लिए प्रेरित करना और भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।

आनंद मेला और पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद

कार्यक्रम के दौरान मिथिलानी समूह की ओर से विशेष आनंद मेला का आयोजन किया जाएगा। इसमें मिथिलांचल के पारंपरिक व्यंजन और पकवानों का स्टॉल लगाया जाएगा, जहां लोग मैथिली खान-पान का स्वाद ले सकेंगे।

इसके साथ ही मिथिला की पहचान मानी जाने वाली मिथिला पेंटिंग और हस्तशिल्प से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनमें पाग, शॉल, साड़ी, धोती, गमछा और अन्य पारंपरिक वस्त्र व कलाकृतियां उपलब्ध होंगी।

कलाकारों की प्रस्तुति से सजेगा मंच

सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवती वंदना और भाव नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम को और खास बनाने के लिए मिथिलांचल के प्रसिद्ध मैथिली गायक-गायिकाओं को आमंत्रित किया गया है।

इनमें कुंज बिहारी मिश्र, विकास झा, जुली झा और प्रसिद्ध उद्घोषक रामसेवक ठाकुर शामिल हैं। वहीं शहर के कलाकारों में पंकज झा, मिथिलेश मिश्रा, दिव्य रतन, किरण झा और शंकर नाथ झा भी दोनों दिनों में अपनी प्रस्तुति देंगे।

“मिथिला गौरव सम्मान” से होंगे प्रतिभाएं सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मैथिल समाज के उन लोगों को मंच से “मिथिला गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इससे समाज के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

बस सेवा और व्यापक तैयारी

कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए परिषद की ओर से बस सेवा की व्यवस्था की गई है। गोविंदपुर, जेम्को, मोहरदा, बारीडीह बस्ती, बागबेड़ा, आदित्यपुर और गम्हरिया से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने और वापस घर पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।कार्यक्रम की तैयारी पिछले दो महीनों से चल रही है। 12 मार्च को गोपाल मैदान से प्रचार रथ भी रवाना किया गया, जो शहर के विभिन्न इलाकों में कार्यक्रम का प्रचार कर रहा है।

कई समितियों का किया गया गठन

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंडाल निर्माण, स्वागत, मंच व्यवस्था, प्रशासन, कलाकार प्रबंधन, स्टॉल व्यवस्था, प्रचार, आनंद मेला, भोजन, प्रेस, यातायात और पार्किंग सहित कई समितियों का गठन किया गया है।

परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महासचिव धर्मेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष रंजीत झा सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी प्रेस प्रभारी राजेश झा सिदगोड़ा, राजेंद्र कुमार कर्ण, प्रमोद झा, पंडित विपिन झा और सोमनाथ मिश्रा ने दी।

Exit mobile version