Lahar Chakra

Jamshedpur News :जदयू ने किया मानगो नगर निगम की ढुलमूल कार्यप्रणाली पर जोरदार प्रहार

जमशेदपुर। जनता दल (यूनाइटेड) ने मानगो नगर निगम की ढुलमूल कार्यप्रणाली पर गुरुवार को जोरदार प्रहार किया है। जदयू नेताओं ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में अगर नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों में गति नहीं आई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। नेताओं ने अपना भाषण नागरिक सुविधाओं की बदहाली, होल्डिंग टैक्स में अप्रत्याशित वृद्धि, पेयजल संकट, साफ-सफाई, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट आदि पर केंद्रित रखा। जदयू के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह और युवा मोर्चा के अध्यक्ष नीरज सिंह ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर जबरदस्त प्रहार किये। धरना कार्यक्रम में जदयू के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ है। जब मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध ही नहीं हैं, तब कैसा टैक्स बढ़ाना? यह तो जनविरोधी कदम है। नालियां टूटी हैं। सड़कें टूटी हैं। नालियों से दूषित पानी सड़कों पर आ रहा है। फिर होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का औचित्य क्या है? निगम क्षेत्र में कोई खेल का मैदान नहीं है। टाऊनहॉल तक मयस्सर नहीं। फॉगिंग,ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटी लार्वा का छिड़काव अनियमित है। उन्होंने निगम कार्यालय के सामने समय सारिणी एवं कार्य से संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने हेतु नोटिस बोर्ड लगाने को कहा।
जदयू के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि मानगो, उलीडीह, आजादनगर एवं एमजीएम क्षेत्र में पानी, नाली, सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट की स्थिति अत्यंत दयनीय है। कई इलाकों के लोग रात 12 बजे तक पानी के इंतजार में जागने को मजबूर हैं। यह नगर निगम प्रशासन की घोर विफलता है। यह बर्दाश्त के काबिल नहीं।
पूर्वी सिंहभूम युवा जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि युवा और आम नागरिक दोनों ही निगम की अव्यवस्था से त्रस्त हैं। स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। अपराध बढ़ रहे हैं। कचरा उठाव ठप है। मानगो नगर निगम की एक टीम सुबह-सुबह भ्रमण पर निकलती है कि कहां अवैध निर्माण हो रहा है। उसे ट्रेस कर नोटिस देने का काम होता है। प्रमाण पत्र आसानी से नहीं बन रहे। दलालों का जमावड़ा है। वे पैसे लेकर प्रमाणपत्र बनवाते हैं। टेंडर नहीं होता तब तक, जब तक कमीशन नहीं मिलता। कमीशन मिल जाएगा, टेंडर पास हो जाएगा। निगम के अफसरान खुद को बदलें नहीं तो जनता बदल देगी। अगर अफसरान न सुधरे तो एक दिन ऐसा भी आएगा, जब हम लोग आपको कार्यालय में घुसने नहीं देंगे। घुस गए तो निकलने नहीं देंगे। जनता अफसरों के चेहरे पर गोबर पोतने का काम करेगी, अगर कार्यप्रणाली में सुधार न हुआ। यदि व्यवस्था नहीं सुधरी तो युवा शक्ति सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।
विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि (मानगो) पप्पू सिंह ने कहा कि बालीगुमा की पानी टंकी तैयार है। एक प्रोपगैंडा फैलाया जा रहा है कि पानी नहीं है। सरयू राय जी के पहले जो विधायक थे, उन्होंने पानी लाने के लिए क्या किय़ा? पानी की टंकी कब से बन कर तैयार है। पांच साल में लोग पानी नहीं ला सके और अभी प्रोपगैंडा फैला रहे हैं। 76 साल की उम्र में विधायक जी दो घंटे में मानगो नाप देते हैं और जनसुविधाओं को बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि पिंटू सिंह ने कहा कि नगर निगम जनता की समस्याओं का समाधान करने में कोई रुचि नहीं दिखा रहा है। लेकिन हम लोग बताना चाह रहे हैं कि अगर जनसुविधाएं बहाल न हुईं तो व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
धरना के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपा और नागरिक समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। कार्यक्रम का संचालन पूर्वी सिंहभूम जिला महासचिव श्री कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया।
कार्यक्रम में महिला जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू सिंह, जिला अध्यक्ष अमृता मिश्रा, जिला सचिव कन्हैया ओझा, प्रेम सक्सेना, विकास साहनी, आकाश शाह, आफताब अहमद सिद्दिकी, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश प्रसाद, महानगर महिला अध्यक्ष ऊषा यादव, थाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह, लालू गौड़, मुश्ताक अहमद, तारक मुखर्जी, चुन्नू भूमिज, अर्जुन यादव, शमशाद खान, विनोद राय, शंकर कर्मकार, बबलू कुमार, राजन राजपूत, राकेश कुमार, धनोज सिंह, अशोक सिंह, बिनोद सिंह, पासवान जी, विकास कुमार, मनोज सिंह, दीपक गौड़, ममता सिंह, ममता ठाकुर, मल्लिका प्रामाणिक, विजय सिंह, पवन सिंह, शेषनाथ पाठक, भवानी सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, टुनटुन सिंह, किशोर कुमार, शहबाजुद्दीन, फरहान अख्तर, गैस राजा खान आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version