Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :मानगो नगर निगम चुनाव में जाति प्रमाण पत्र की जटिलताओं को लेकर जदयू ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम चुनाव में जाति प्रमाण पत्र से संबंधित उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याओं को लेकर आज जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अगुआई में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 वार्ड हैं, जिनमें 17 वार्ड अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं। वर्तमान में अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए वर्ष 1978 के खतियान की अनिवार्यता के कारण बड़ी संख्या में पात्र नागरिक एवं संभावित उम्मीदवार प्रमाण पत्र बनवाने में असमर्थ हैं।

जनता दल (यूनाइटेड) ने कहा कि यदि शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो अनेक योग्य प्रत्याशी नगर निगम चुनाव लड़ने से वंचित रह जाएंगे, जिससे आरक्षित वार्डों के रिक्त रहने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित होगी।

प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त महोदय ने आश्वस्त किया कि जाति प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि इस दिशा में उचित एवं समयबद्ध समाधान निकाला जा सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के अजय कुमार, विकास साहनी, आकाश शाह, विनोद सिंह, संजीव सिंह, राजेश प्रसाद, विकास रजक, प्रवीण सिंह, लालू गौड़, मुस्ताक अहमद, मनोज गुप्ता, नीरज साहू सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Exit mobile version