Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS : कदमा में 24 मई को होगी झारखंड स्टेट योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप, 22 तक करें आवेदन

जमशेदपुर : कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन स्कूल में आगामी 24 मई को तृतीय झारखंड स्टेट योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन World Fitness Federation of Yogasana Sports (डब्ल्यूएफएफवाईएस) झारखंड चैप्टर एवं सरकार योगा एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 22 मई तक आवेदन कर सकते हैं।

5 साल से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

यह प्रतियोगिता कदमा गणेश पूजा मैदान के समीप स्थित Andhra Association School के सभागार में आयोजित होगी। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में 5 वर्ष से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए कुल 12 आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं।

विशेष बात यह है कि इस बार प्रतियोगिता में ‘स्टार कैटेगरी’ के तहत दिव्यांग बच्चों तथा ‘मॉम्स कैटेगरी’ को भी शामिल किया गया है। सभी वर्गों में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।

22 मई तक कर सकते हैं आवेदन

डब्ल्यूएफएफवाईएस झारखंड चैप्टर के अध्यक्ष एवं सरकार योगा एकेडमी के संस्थापक अंशु सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 22 मई तक आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य योगासना स्पोर्ट्स को बढ़ावा देना और युवाओं में फिटनेस एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है।

सुबह उद्घाटन, शाम को पुरस्कार वितरण

प्रतियोगिता का उद्घाटन सत्र सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरयू राय उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में सामाजिक कार्यकर्ता आलोक मल्होत्रा एवं आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सत्यनारायण शामिल होंगे।

प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शाम 6 बजे आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुकुल चौधरी मौजूद रहेंगे। सम्मानित अतिथियों में सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत घोष एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी शामिल होंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा मौका

अंशु सरकार ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता बनने वाले प्रतिभागियों को आगामी 26 से 28 जून 2026 तक हरिद्वार में आयोजित होने वाली नेशनल योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसे लेकर प्रतिभागियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

Exit mobile version