Lahar Chakra

Jamshedpur News :मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ झामुमो का जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना

JAMSHEDPUR।
केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना का नाम बदलने के प्रस्ताव के विरोध में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जमशेदपुर जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस धरने में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

धरना कार्यक्रम में घाटशीला विधायक सोमेश सोरेन, झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाडंगी, जिला प्रवक्ता मोहन कर्मकार, नगर संयोजक बगराई मार्डी, वरिष्ठ नेता प्रमोद लाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी नेताओं ने एक मंच से केंद्र सरकार के प्रस्ताव का कड़ा विरोध जताया।

मनरेगा गरीबों की जीवनरेखा : झामुमो

धरना को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि मनरेगा योजना गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के लिए एक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी योजना है। इस योजना से लाखों परिवारों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन मिला है। नेताओं का कहना था कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की आर्थिक सुरक्षा की गारंटी है, ऐसे में इसका नाम बदलने की कोई जरूरत नहीं है।

सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

घाटशीला विधायक सोमेश सोरेन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि केंद्र सरकार मनरेगा योजना का नाम बदलने पर अड़ी रहती है, तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला गरीबों और मजदूरों की भावनाओं के खिलाफ है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

गरीबों के अधिकारों पर हमला : कुणाल षाडंगी

प्रदेश प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा कि यह सिर्फ नाम बदलने का मामला नहीं है, बल्कि यह गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं की पहचान मिटाने का प्रयास कर रही है। झामुमो इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।

व्यापक आंदोलन की चेतावनी

धरना में शामिल नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा योजना का नाम बदला गया, तो गांव से लेकर राजधानी और केंद्र तक व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के दौरान यदि किसी प्रकार की स्थिति बिगड़ती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।

Exit mobile version