Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :15 जून डेडलाइन : बागबेड़ा जलापूर्ति योजना हर हाल में शुरू करें, विधायक संजीव सरदार का सख्त निर्देश

जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड सभागार में मंगलवार को विभिन्न विभागों की आयोजित संयुक्त बैठक में पोटका विधायक संजीव सरदार ने बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विधायक ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बहुप्रतीक्षित योजना को हर हाल में 15 जून तक शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार द्वाराआश्वस्त किया गया कि 15 जून तक योजना को धरातल पर उतार दिया जाएगा।

तेजी से चल रहा कार्य, 60 प्रतिशत घरों तक पहुंचा कनेक्शन

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि योजना के तहत अभी मेन लाइन का लगभग 550 मीटर तथा राइजिंग लाइन का 800 मीटर कार्य शेष है। अधिकारियों ने बताया कि करीब 60 प्रतिशत घरों तक जलापूर्ति कनेक्शन पहुंच चुका है, जबकि शेष घरों को अगले 15 दिनों के भीतर जोड़ दिया जाएगा। योजना को समय पर पूरा करने के लिए विधायक ने कार्यस्थल पर दोगुनी मैनपावर लगाकर तेजी से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की समस्या से राहत दिलाने के लिए सभी विभागों को युद्धस्तर पर काम करना होगा।

तालमेल से होगा समाधान, जरूरत पड़ी तो खुद पहुंचेंगे विधायक

विधायक संजीव सरदार ने बैठक में मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधा आने पर उन्हें तत्काल सूचित किया जाए, ताकि उसका त्वरित समाधान निकाला जा सके। विधायक ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वे स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर कार्यों की निगरानी करेंगे और बाधाओं को दूर कराएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल ही जनता को वर्तमान जल संकट और भविष्य की समस्याओं से निजात दिला सकता है।

जनता को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता, बागबेड़ा को स्वच्छ पेयजल जल्द मिलेगा : विधायक

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हेमंत सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके शुरू होने से लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। विधायक ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है।

इस बैठक में अंचल अधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग जमशेदपुर प्रमंडल सुनील कुमार, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर भागीरथ कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

Exit mobile version