
जमशेदपुर। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के जवान कल्याण कुमार साहू ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) अकादमी, नागपुर में आयोजित बाढ़ और चक्रवात आपदा प्रतिक्रिया कोर्स में द्वितीय स्थान प्राप्त कर टाटानगर रेल मंडल का नाम गौरव से रोशन किया है। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरी सिविल डिफेंस टीम में खुशी की लहर है।
दक्षिण पूर्व रेलवे, टाटानगर द्वारा आपदा राहत कार्यों में दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से जवानों को पांच सप्ताह के विशेष प्रशिक्षण हेतु एनडीआरएफ अकादमी नागपुर भेजा गया था। इस प्रशिक्षण में देशभर से कुल 32 जवानों ने भाग लिया। इनमें हिमाचल प्रदेश व मेघालय के होमगार्ड, तेलंगाना टीडीआरएफ, असम सिविल डिफेंस, साउदर्न रेलवे (चेन्नई), वेस्टर्न रेलवे (राजकोट व अहमदाबाद), ईस्टर्न रेलवे (कोलकाता), साउथ ईस्टर्न रेलवे (आद्रा व टाटानगर) के प्रतिभागी शामिल थे।
READ MORE :Jamshedpur: गोलमुरी की नामदा बस्ती से पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद जब्त
प्रशिक्षण में जवानों को बाढ़ और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत और बचाव कार्य की गहन जानकारी दी गई। विशेष रूप से बाढ़ के दौरान फंसे लोगों का रेस्क्यू, ढही हुई इमारतों से लोगों को सुरक्षित निकालना, बोटिंग, लाइफ जैकेट का उपयोग, प्राथमिक चिकित्सा जैसे व्यावहारिक अभ्यास भी सिखाए गए।
प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों की लिखित, मौखिक और व्यावहारिक परीक्षाएं ली गईं। इनमें टाटानगर सिविल डिफेंस के कल्याण कुमार साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया, जो कि पूरे जोन के लिए गर्व की बात है।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कल्याण कुमार को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल व्यक्तिगत दक्षता बढ़ाते हैं, बल्कि पूरे आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सिविल डिफेंस के अन्य जवानों को भी विभिन्न आपदा प्रबंधन विषयों पर इसी तरह के प्रशिक्षण हेतु भेजा जाएगा।
इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण, प्रशिक्षण और मेहनत के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। टाटानगर रेलवे की यह उपलब्धि क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर सराहना के योग्य है।
