Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: मानगो श्याम भवन में 20-21 नवंबर को सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, 27वां जन्मोत्सव मनाने की तैयारी पूरी

अजमेर और कोलकाता के भजन गायक करेंगे भजनों की अमृत वर्षा, 21 नवंबर को महाप्रसाद का होगा आयोजन

जमशेदपुर। मानगो स्थित श्री श्याम भवन में 20 और 21 नवंबर को बाबा श्याम का भव्य दरबार सजेगा। श्री श्याम मित्र मंडल, मानगो की ओर से दो दिवसीय 27वां श्री श्री श्याम जन्मोत्सव-2026 धूमधाम से मनाया जाएगा। न्यू पुरुलिया रोड स्थित श्री श्याम भवन में आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

आयोजन को लेकर कोलकाता से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं, जो फूलों से बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाएंगे। संस्था के अध्यक्ष महावीर प्रसाद अग्रवाल और सचिव विजय खेमका ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कार्यक्रम की जानकारी दी।

20 नवंबर को भजन संध्या, ज्योत प्रज्ज्वलन से होगा शुभारंभ

जन्मोत्सव के पहले दिन शुक्रवार, 20 नवंबर को शाम 7:15 बजे ज्योत प्रज्ज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद रात 8:15 बजे से भजनों की अमृत वर्षा होगी।

भजन संध्या में अजमेर से जॉन अजमेरी और कोलकाता से रितिका सेन आमंत्रित हैं। वहीं, स्थानीय कलाकार लाला जोशी भी बाबा श्याम के चरणों में भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह के बीच कार्यक्रम देर रात तक चलेगा।

21 नवंबर को मंगला आरती और महाप्रसाद

जन्मोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 4:15 बजे मंगला आरती होगी। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे बारस पूजन एवं भोग लगाया जाएगा। दोपहर 1:15 बजे से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण शुरू होगा।

संस्था के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। आयोजकों ने सभी श्याम प्रेमियों से परिवार सहित पहुंचकर बाबा श्याम का आशीर्वाद लेने और जन्मोत्सव में शामिल होने की अपील की है।

Exit mobile version