Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :पूर्वी विधानसभा में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर अक्षेस के पदाधिकारियों के संग की बैठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष भी रहे मौजूद

JAMSHEDPUR। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के साकची स्थित सभागार में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की मौजूदगी में आयोजित बैठक में जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, सभी अभियंता व पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा के सातों मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं एवं विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक पूर्णिमा साहू ने स्पष्ट किया कि उनका प्रयास जमशेदपुर पूर्वी को आदर्श एवं मॉडल विधानसभा के रूप में विकसित करना है, जिसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय एवं समयबद्ध कार्य अनिवार्य है। इस दौरान जनता के मौलिक अधिकारों और दैनिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए गली-नाली की नियमित सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट, हाई-मास्ट लाइट एवं सोलर लाइटों की समुचित व्यवस्था, मच्छरों से बचाव हेतु निरंतर फॉगिंग, डोर-टू-डोर कचरा उठाव समेत अनुपयोगी सार्वजनिक शौचालयों को हटाने जैसे मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई। वहीं, उपयोग में आ रहे शौचालयों में पानी और रौशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष ने क्षेत्र के विभिन्न जनसमस्याओं पर आधारित ज्ञापन भी अक्षेस के पदाधिकारियों को सौंपा।

इसके साथ ही, नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की गुणवत्ता, समयसीमा और कार्य निष्पादन की निगरानी को कड़ाई से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सभी मंडलों के अध्यक्षों और महामंत्रियों के संपर्क नंबर जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारियों के साथ साझा किए गए, ताकि किसी भी जनसमस्या की सूचना तुरंत विभाग तक पहुँचे और उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। बैठक में निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत प्राप्त होते ही समस्या का निस्तारण शीघ्र किया जाए।

विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि कि जनता की सुविधा और सहूलियत उनकी प्राथमिकता है। सभी विभाग मिलकर कार्य करेंगे तो जमशेदपुर पूर्वी निश्चित रूप से आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित होगा।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, पप्पू उपाध्याय, सूरज सिंह, बबलू गोप, जीवन साहू, अरुण मिश्रा, दिलीप कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version