जमशेदपुर: शहर में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जलजमाव और प्रभावित परिवारों की स्थिति का विधायक पूर्णिमा साहू ने गुरुवार को जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और घर-घर जाकर जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
विधायक ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से लगातार बारिश के मद्देनजर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जलजमाव वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर
बारिश के कारण जलजमाव वाले इलाकों में मच्छरजनित बीमारियों और संक्रमण की आशंका को देखते हुए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि बारिश के बाद होने वाली बीमारियों से लोगों को बचाया जा सके।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि आपदा और संकट की इस घड़ी में वह जनता के साथ खड़ी हैं। उनका प्रयास है कि कठिन परिस्थितियों में कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे और जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थिति सामान्य होने तक क्षेत्र में निगरानी और सेवा कार्य लगातार जारी रखने की बात उन्होंने कही।
भाजपा कार्यकर्ता भी राहत कार्य में जुटे
बारिश से उत्पन्न स्थिति के बीच भाजपा कार्यकर्ता भी प्रभावित परिवारों की मदद में जुटे हैं। कार्यकर्ताओं के सहयोग से जरूरतमंद लोगों तक भोजन, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है।
दौरे के दौरान भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, अरुण मिश्रा, संजना साहू, उमेश साव, धनराज गुप्ता, मिथिलेश साव, महावीर सिंह, पप्पू साव, सुनील साव, रवि भुइयां और कांति देवी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।