
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर न्यायिक एवं सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में मोबाइल कोर्ट सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें दिव्यांगजनों के लंबित मामलों की सुनवाई और त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
लंबित मामलों का होगा ऑन-द-स्पॉट निस्तारण
शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करना है। मोबाइल कोर्ट के माध्यम से पात्र लाभुकों की शिकायतों और आवेदन पर सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर न्याय और सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
सरकारी योजनाओं की मिलेगी पूरी जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र, दिव्यांग पेंशन, सहायक उपकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, कानूनी सहायता तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 से संबंधित जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संबंधित विभागों के अधिकारी लाभुकों को परामर्श एवं मार्गदर्शन भी देंगे।
दिव्यांगजनों और परिजनों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे इस विशेष शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। प्रशासन का कहना है कि यह शिविर दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई सुविधाएं
मोबाइल कोर्ट सह जागरूकता शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं, दस्तावेज़ संबंधी सहायता, कानूनी परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
