
जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष पद के लिए रविवार 14 दिसंबर को जलाराम जैन भवन, बिष्टुपुर में हुए चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने एक बार फिर जीत दर्ज की। चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें सम्मेलन के सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
चुनाव में कुल 1412 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें से 1148 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत उल्लेखनीय रहा। मतगणना के दौरान 3 मत अमान्य घोषित किए गए, जबकि शेष 1145 वैध मतों की गणना की गई।
मतगणना परिणाम के अनुसार मुकेश मित्तल को 413 मत प्राप्त हुए और उन्हें विजयी घोषित किया गया। दूसरे स्थान पर लिप्पु शर्मा रहे, जिन्हें 367 मत मिले, जबकि विवेक चौधरी को 365 मत प्राप्त हुए। तीनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन अंततः मुकेश मित्तल ने बढ़त बनाते हुए अध्यक्ष पद पर दोबारा कब्जा जमाया।
चुनाव के दौरान सम्मेलन के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन के इतिहास में यह पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर मतदान दर्ज किया गया। बड़ी संख्या में सदस्यों की भागीदारी को संगठन की सक्रियता और लोकतांत्रिक परंपरा के प्रति विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश मित्तल को बधाइयां दीं। मित्तल ने जीत के बाद सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन को और मजबूत बनाने, समाजहित में कार्य करने तथा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
