Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :उलीडीह में हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ चार अपराधी गिरफ्तार

JAMSHEDPUR।

उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 23 और 24 दिसंबर 2025 की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोनी मोहंती, विकास मंडल, अंकित सिंह और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उलीडीह थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी गंभीर आपराधिक योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए चारों आरोपियों को धर-दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आदर्श नगर निवासी शिवम मिश्रा ने कथित तौर पर मोनी मोहंती की भांजी के साथ छेड़छाड़ की थी। इस घटना से आक्रोशित होकर चारों अपराधियों ने शिवम मिश्रा की हत्या की साजिश रची थी। लेकिन पुलिस की समय पर कार्रवाई के कारण यह वारदात अंजाम तक नहीं पहुँच सकी।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि मुख्य आरोपी मोनी मोहंती एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अपराधी के इतिहास को देखते हुए पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच शुरू कर दी है।

चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध को अंजाम देने से पहले ही रोका जा सके।

Exit mobile version